Sunday, 13 September 2015

स्वास्थ स्मार्ट कार्ड धारकों का हुआ करेगा तीस हज़ार रुपए तक का मुफ्त उपचार --महेशइंद्र

* कैंप में 750 से अधिक मरीजों की हुई मुफ्त जांच 
लुधियाना-13 सितंबर (शिवराज शर्मा)
 हर वर्ग के लोगों को उत्तम स्वास्थ सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के लिए पंजाब सरकार की तरफ से शीघ्र ही नई स्वास्थ योजना आरम्भ की जा रही है,जिसके तहत स्वास्थ स्मार्ट कार्ड धारक हर एक व्यक्ति को तीस हज़ार तक का उपचार बिलकुल मुफ्त जाएगा। यह जानकारी पंजाब के मुख्य मंत्री व उपमुख्य मंत्री के सलाहकार महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल ने स्थानीय पक्खोवाल रोड स्थित श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब अस्पताल में लगाए गए नि:शुल्क मैडीकल कैम्प का उद्घाटन करने के उपरांत दी। उद्घाटन करने के उपरांत ग्रेवाल ने अस्पताल के प्रबंधकों से बातचीत करने के उपरांत बताया कि पंजाब सरकार की तरफ से स्वास्थ व शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने की ओर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इस प्रयत्न के तहत हे पंजाब सरकार ने फैसला किया है कि हर एक व्यक्ति को अच्छी स्वास्थ सेवा उपलब्ध करवाने के लिए स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएं। इस कार्ड धारक को भविष्य में कोई भी बीमारी होने पर 30 हज़ार रुपए तक का उपचार नि:शुल्क मुहैया करवाया जाया करेगा। ग्रेवाल ने कि अर्बन हैल्थ मिशन के अंतर्गत प्रांत में 11 कम्युनिटी हैल्थ सैंटर व 60 अर्बन प्राईमरी हैल्थ सैंट्रो का निर्माण जाएगा। लुधियाना में 6,जालंधर में 3 और श्री अमृतसर साहिब में दो कम्युनिटीहैल्थ सैंट्रो का निर्माण किया जा रहा है।अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व हड्डी विशेषज्ञ डाक्टर गगनदीप सिंह ने बताया कि आँखों,हड्डियों और जोड़ बदलने के संबध में लगाए गए इस कैंप में 750 मरीजों की मुफ्त जांच की गई व जिन मरीजों को आप्रेशन या अन्य इलाज की आवश्यकता होगी उनका इलाज भी सोहाना (जिला मोहाली ) के मुख्य अस्पताल में करवाया जाएगा।

अध्यापकों की रैली हुई विफल,प्रदर्शन होने से पहले ही अध्यापकों को लिया हिरासत में

*शहर बना पुलिस छावनी,शहर में प्रवेश होने वाले सभी  मार्गों पर पुलिस रही तैनात 
लुधियाना-(सम्राट ) देश का  भविष्य बनाने वाले अध्यापकों को अब अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए संघर्ष का रास्ता अपनाते हुए सडक़ों पर उतरना पड़ रहा है। पिछले लंबे समय से अपनी मांगों के संबध में एस एस ए / रमसा अध्यापकों द्वारा संघर्ष किया जा रहा है,परन्तु उन्हें उनके अधिकार  देने की बजाए सरकार द्वारा मांगी गई मांगों को लागू न करके मामले दर्ज किए जा रहे हैं और उन पर तश्दद की जा रही है। आज महानगर में एस एस ए / रमसा अध्यापकों की ओर से राज्य स्तरीय रैली की जानी थी,जिसके लिए पंजाब के विभिन्न जिलो व शहरों से अध्यापकों के काफिले रैली में शामिल होने के लिए आ रहे थे। परन्तु रैली को विफल बनाने के लिए आज शहर में दाखिल होने वाले सभी मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात कर  दिए गए। जालंधर रोड स्थित टोल प्लाजा सहित अन्य मार्गों पर भी अध्यापकों के वाहनो को रोक लिया गया और अध्यापकों को शहर में दाखिल नहीं होने दिया गया। भारत नगर चौंक सहित जिलाधीश कार्यालय व पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात रहे। पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तबदील था। भाई चतर सिंह पार्क में एकत्र हुए अध्यापकों ने पार्क के बाहर ही सडक़ पर सरकार का पुतला फूक कर प्रदर्शन किया। उसके पश्चात अध्यापको ने जिलाधीश कार्यालय के बाहर एकत्र होने की योजना बनाई और जिलाधीश कार्यालय के बाहर एकत्र होने लगे। स्थिती को भांपते हुए पुलिस ने अध्यापकों को जिलाधीश कार्यालय के बाहर से गिरफ्तार कर लिया व उन्हें थाना डिवीजन नंबर 5 व 8 में ले गए। मर्द अध्यापकों सहित महिला अध्यापकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया और सरकारी वाहनो सहित निजी वाहनों में थाने ले जाया गया। कुछ अध्यापक छिपते -छिपाते घूमते रहे, यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष राम भजन सहित पांच सदस्यों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने मीटिंग की परन्तु खबर लिखे जाने तक  मीटिंग विफल रही। 


आमरण अनशन के तीसरे दिन दंगा पीड़ित महिलाओं को महेश इंद्र सिंह ग्रेवाल ने जूस पिला कर खुलवाया व्रत

*गाबड़िया को सुनाई खरी खोटी बातें 
लुधियाना- (सुनील रॉय ) अपनी मांगों को लेकर अमरण अनशन पर बैठी 1984 सिक्ख दंगा पीड़ित महिलाओं के व्रत को आज मुख्यमंत्री के सलाहकार महेश इंद्र सिंह ग्रेवाल ने जूस पिलाकर खुलवाया। इससे पहले अमरण अनशन  खुलवाने के लिए जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन हीरा सिंह गाबड़िया जब वहां व्रत खुलवाने के लिए पहुंचे तो दंगा पीड़तों ने उन्हें खरी खोटी सुनाते हुए वापस भेज दिया। उल्लेखनीय है कि लाल कार्ड रद्द करवाने व फ्लैट अलाट करवाने सहित कई अन्य मांगों  लेकर पिछले तीन दिन से पांच दंगा पीड़ित विधवाएँ 1984 सिक्ख कत्लेआम पीड़ित वैलफेयर सोसायटी महिला विंग की अध्यक्ष बीबी गुरदीप कौर के नेतृत्व में मरण व्रत पर बैठी हुई थी। आज जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन हीरा सिंह गाबड़िया मुख्यमंत्री के सन्देश के साथ मरण व्रत पर बैठी विधवाओं के पास पहुंचे और मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से मीटिंग करवाने का आश्वासन देते हुए व्रत तोड़ने के लिए कहा परन्तु उन्होंने व्रत तोड़ने से साफ़ इंकार करते हुए उन्हें खरी -खोटी सुनाते हुए बैरंग लौटा दिया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री के सलाहकार महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल के कहने पर उन्होंने व्रत तोड़ दिया। महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल ने कहा कि मई में दंगा पीड़त सोसायटी  मुख्यमंत्री के बीच हुई मीटिंग में दंगा पीड़तों के मध्य कुछ फैसले हुए थे वह किसी कारणवश लागू नहीं हो सके,किसके चलते दंगा पीड़त परिवारों को आमरण अनशन जैसे फैसले लेने पड़े जिसके लिए वह शर्मिंदा हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से बात हुई है कि दंगा पीड़ित सोसायटी की सोमवार को मुख्यमंत्री स बादल से मीटिंग करवाई जाएगी। महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल के आश्वासन देने के बाद ही आमरण अनशन पर बैठी महिलाओं ने जूस पी कर व्रत तोडा।

जब गाबड़िया ने अमरण अनशन पर बैठी विधवाओं को जूस पिलाने के लिए की खुशामद 
आज उस समय सभी को बड़ी हैरानी हुई जब पूर्व मंत्री व जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन हीरा सिंह गाबड़िया मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का सन्देश लेकर अमरण अनशन पर बैठी दंगा पीड़ित विधवाओं  का व्रत तुड़वाने के लिए जूस पिलाने के लिए उनकी खुशामद करते रहे परन्तु उन्होंने की एक न सुनी। दंगा पीड़ितों का कहना था कि इतने वर्षों में दंगा पीड़ितों के लिए गाबड़िया ने कुछ नहीं किया। गाबड़िया ने अमरण अनशन पर बैठे दंगा पीड़तों की सोसायटी के प्रधान सुरजीत सिंह की मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से फोन पर बातचीत भी करवाई और उनकी सभी मांगों को मनवाने की बात भी कही और इस मामले में चंडीगढ़ मीटिंग करवाने का भी भरोसा दिया। इसके बावजूद भी उन्होंने गाबड़िया से जूस नहीं पिया।

शहीद भगत सिंह यूथ क्लब ने नशों के खिलाफ निकाली मोटरसाइकिल रैली

युवा वर्ग के सहयोग से ही हो सकता है नशों का खात्मा-चड्डा 
लुधियाना-(शिवराज शर्मा ) पंजाब में बढ़ते नशे ने पंजाब के नौजवानो को खोखला कर दिया है। दीमख की तरह नौजवानो को खोखला करने वाले नशों के खिलाफ आमजन को जागरूक करने के लिए शहीद भगत सिंह यूथ क्लब की ओर से क्लब के अध्यक्ष गौरव डमाना की अध्यक्षता में मोटर साइकिल रैली निकाली गई,जिसमें एन जी ओ एक्शन अगेंस्ट करप्शन के  राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रकांत चड्डा विशेष तौर पर शामिल हुए। रैली से पहले उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए चड्डा ने  युवा वर्ग यदि नशा न करने व अन्यों को नशा करने से रोकने के प्रयत्न करे तो नशा पूर्ण रूप से ख़त्म हो जाएगा और नशों के कारण बर्वाद होने वाले परिवार बच जाएंगे। उन्होंने कहा कि नशों का सेवन करने वाले अपने जीवन को तो तबाह करते ही हैं अपने परिवार को भी मुसीबतों में डाल देते हैं। अब समय आ गया है नशों के परित्याग करने व नशे की दलदल में धंसे नौजवानो को बाहर निकालने का। चड्ढा ने युवा वर्ग को विश्वास दिलाते हुए कहा कि हर तरह के सामाजिक कार्य क्षेत्र में वह उनके क्लब का हर तरह का सहयोग करेंगे।क्लब के प्रधान गौरव डमाना ने व रैली में शामिल नौजवानो ने प्रण किया कि  आजीवन नशा करेंगे और न करने देंगे। इसके अतिरिक्त नशे की जकड़ में आए नौजवानो को भी इस बुराई से बाहर निकालने के प्रयास करेंगे। उक्त मोटर साइकिल रैली बस्ती चौक से शुरू होकर सुंदर नगर चौक,भगवान वाल्मीकि चौक,गौशाला रोड,डिवीजन नंबर तीन,वेटगंज चौक से बाजवा नगर होते हुए भगवान वाल्मीकि मन्दिर जा कर सम्पन्न हुई। इस अवसर पर गुरविंद्र छतवाल,बलविंद्र सिंह,रणजीत सिंह रंधावा , लुधियाना यूथ फैडरेशन के राजू वोहरा,गौशाला होलसेल कम्बल एसोसिएशन के हरदीप वोहरा, क्लब के उपाध्यक्ष शुभम गिल,महासचिव गौरव थापर, सचिव साहिल पुरी,मनीष बैंस,आकाश सहोता,अजय कुमार,शुभम थापर,हिमांशु बाली,चंदन मट्टू,गुरप्रीत सिंह,अवि डमाना,हरदीप कैंथ,करण मौदगिल,मनदीप कैंथ,रोहित कपूर,साहिल कश्यप,केशव बांसल,लक्की कुमार,करण जाँडा आदि उपस्थित थे।

शराब ठेकों का हिस्सेदार व ड्राईवर 73 पेटी अवैध शराब सहित काबू

लुधियाना -(शिवराज शर्मा ) एंटी नारकोटिक्स सैल की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कोहाडा चौंक में स्पेशल नाकाबंदी करके दो शराब तस्करों को शराब के बड़े जखीरे सहित गिरफ्तार किया है। प्राप्त सूचना के अनुसार शराब के ठेकों का हिस्सेदार ठेकों पर ड्राईवरी करने वाले के साथ भारी मात्र में बिना परमिट /लाइसैंस के महिंद्रा कैपर गाड़ी में शराब की पेटियाँ लुधियाना में शराब तस्करों को सप्लाई करने जा रहा था। तस्करों के खिलाफ गुप्त सूचना मिलने पर एंटी नारकोटिक्स सैल के इंचार्ज हरबंस सिंह ने अपने साथी पुलिस कर्मचारियों की सहायता से कोहाड़ा चौंक में विशेष नाकाबंदी करके आरोपी तस्करों को महिंद्रा कैपर नंबर पीबी -10 ईएस -3329 सहित काबू किया और उनके कब्जे से 73 पेटी (876 बोतल ) अंग्रेजी व देसी शराब की बरामद की। पत्रकारों को जानकारी देते हुए हरबंस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी राजदीप सिंह उफऱ् हनी पुत्र बलजिंद्र सिंह निवासी गाँव बरमा थाना समराला (लुधियाना) का माछीवाड़ा क्षेत्र के शराब ठेकों में हिस्सेदारी है और आरोपी केवल सिंह पुत्र करम सिंह निवासी गाँव अमरगढ थाना खमानो जिला फतेहगढ़ साहिब उनके ठेकों पर ड्राईवरी करता है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद शराब वह समराला सर्कल एरिया के शराब ठेकों से लेकर लुधियाना में शराब तस्करों को सप्लाई करने जा रहे थे। मौके पर आरोपी पुलिस को शराब संबधी कोई लाइसैंस /परमिट नहीं दिखा सके। आरोपियों के खिलाफ थाना साहनेवाल में आबकारी एक्ट की धारा 61-1-14 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है,तथा आबकारी विभाग को भी इस संबधी सूचित कर दिया गया है ।


सनी लियोनी व विज्ञापन कंपनी को लुधियाना पुलिस के समक्ष पेश होने के निर्देश

लुधियाना -(रघबीर ) एन.जी.ओ. रक्षा ज्योति फाऊंडेशन के शिष्टमंडल द्वारा टी.वी. तथा अन्य प्रचार माध्यमों में प्रसारित किए जाने वाले अश्लील विज्ञापन जोकि सन्नी लियोनी पर फिल्माए गए हैं, पर रोक को लेकर एक ज्ञापन पुलिस कमिश्रर परमराज सिंह उमरानंगल तथा जिलाधीश रजत अग्रवाल को फाऊंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अश्विनी बहल की अध्यक्षता में सभी सदस्यों के साथ भेंट किया गया था। फाऊंडेशन के अध्यक्ष अश्विनी बहल ने बताया कि इस सम्बन्ध में पुलिस कमिश्रर के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए ए.सी.पी. ट्रैफिक डा. रिचा अग्रिहोत्री ने दिल्ली तथा मुंबई पुलिस के माध्यम से टी.पी.एम. द्वारा उक्त सन्नी लियोनी, कंपनी तथा विज्ञापन कंपनी को आगामी 21 सितम्बर तक इस विवादित विज्ञापन को लेकर अपना पक्ष रखने के लिए लुधियाना पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए कहा है । 

आढ़ती व डेयरी मालिक तीस लाख रुपए की हैरोइन सहित काबू

लुधियाना -(सम्राट ) एंटी नार्कोटिक्स सैल की टीम ने अपने ग्राहकों को कार में हैरोइन सप्लाई करने  जाते समय दो नशा तस्करों को 60 ग्राम हैरोइन सहित गिरफ्तार किया है,जो मोगा के किसी अज्ञात नशा तस्करों से सस्ती कीमत पर खरीद कर लाए थे। पुलिस ने आरोपियों को कार सहित गिरफ्तार करके उनके खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के अधीन थाना डिवीजन नं.-2 में मामला दर्ज करके  जांच शुरू कर दी है। हैरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 लाख रुपए बताई जा रही है।  सैल के प्रभारी सब इंस्पैक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान हेमराज व गुरजीत सिंह निवासी हैबोवाल के रूप में हुई है । पुलिस के अनुसार थानेदार रामपाल के नेतृत्व में पुलिस पार्टी सी.एम.सी. अस्पताल के निकट मेन रोड पर गश्त कर रही थी । इस दौरान पुराने सिविल अस्पताल की पिछली तरफ से एक कार आती दिखाई दी। शक के आधार पर जब  तलाशी ली गई तो आरोपी हेमराज से 40 ग्राम हैरोइन बरामद हुई जबकि गुरजीत सिंह से 20 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। पुलिस पार्टी ने आरोपियों को अदालत में पेश कर 1 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है, दोनों आरोपी दोस्त हैं। हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपियों ने ज्यादा पैसे कमाने के चक्कर में हैरोइन की तस्करी शुरू कर दी। दोनों का कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। आरोपी हेमराज अपने भाई के साथ आढ़त का काम करता है जबकि गुरजीत की हंबड़ा रोड पर दूध की डेयरी है।